home page

रांची में आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क कराटे प्रशिक्षण शिविर संपन्न

 | 
रांची में आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क कराटे प्रशिक्षण शिविर संपन्न


रांची, 28 जून (हि.स.)। डांस वांस एकेडमी और उत्कल कराटे स्कूल (झारखंड शाखा) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क कराटे प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हो गया। बारियातू में आयोजित शिविर का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को आत्मरक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था। समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रत्येक बच्चे और युवा के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कराटे केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करने का प्रभावी साधन भी है।

डांस वांस एकेडमी के निदेशक शिवम मनोहरन और लक्ष्मी मिश्रा ने प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास जारी रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कराटे से सीखे गए कौशल और अनुशासन को दैनिक जीवन में अपनाकर युवा अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास कर सकते हैं।

शिविर के दौरान सेम्पई रवि कुमार ने प्रतिभागियों को वार्म-अप और कराटे की बुनियादी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। वहीं चंदन कुमार ने काता की विभिन्न विधाओं का अभ्यास कराया। सेंसेई संदीप लाल और सेम्पई प्रिंस ठाकुर ने कुमिते की तकनीकों के साथ आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के प्रभावी तरीके भी बताए गए।

आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करना था। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक युवाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जोड़ने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

शिविर के सफल आयोजन में ऋषि, शशि वर्मा और दीपक वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar