home page

कमलेश ने पार्टी पदाधिकारियों से इंडी गठबंधन की रैली में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी का दिया निर्देश

 | 
कमलेश ने पार्टी पदाधिकारियों से इंडी गठबंधन की रैली में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी का दिया निर्देश


रांची, 23 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में शुक्रवार को रांची के कांग्रेस भवन में वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को लेकर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्षों, लोकसभा प्रभारी, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और सचिवों की बैठक हुई।

बैठक में एक नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली इंडी गठबंधन की महारैली को सफल बनाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से उनके कार्यों की समीक्षा करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्रदेश अध्यदक्ष ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने पदाधिकारियों को बूथ स्तर और पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने, मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करने एवं एसआईआर से जुड़े कार्यों में सक्रियता बरतने के निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अभियान को गति दें और जनता के बीच जाकर मताधिकार की रक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएं।

बैठक में लोकसभा, जिला और विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही, आगामी दिनों में अभियान को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने एवं बूथ स्तर तक संगठन की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में सभी पदाधिकारियों से वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने और एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान, सतीश पॉल मुंजनी, राजेश गुप्ता छोटू, भीम कुमार और संगठन प्रभारी सुमित शर्मा सहित जिला प्रभारियों, विधानसभा प्रभारियों एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर जिला प्रभारी राजीव रंजन प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, शशि भूषण राय, विनय सिन्हा, दीपू, विजय यादव, शिव कुमार भगत, संजय पांडेय, शमशेर आलम, राकेश किरण महतो सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak