महाविष्णु यज्ञ काे लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, हजारों महिलाएं हुईं शामिल
देवघर, 27 मई (हि.स.)। जिला के चितरा कोलियरी स्थित बाबा दुखिया शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीश्री 1008 महाविष्णु यज्ञ के 45 वें भव्य आयोजन को लेकर बुधवार को विशाल कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में लगभग हजारों कुंवारी कन्याओं और महिला श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। यह महायज्ञ 27 मई से 04 जून तक आयोजित किया जाएगा।
आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। वहीं 216 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन इस महायज्ञ का विशेष आकर्षण रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे मंदिर परिसर एवं यज्ञ स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
महायज्ञ को लेकर चितरा सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

