'कबाड़ से जुगाड़' कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
रांची, 06 नवंबर (हि.स.)। अर्थ फाउंडेशन की ओर से दीपावली के अवसर पर शुक्रवार को कांके रोड स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल में 'कबाड़ से जुगाड़' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक कलाकृतियां एवं सजावटी सामान तैयार किए।
कार्यक्रम के तहत रंगोली निर्माण, दीया मेकिंग और वेस्ट मटेरियल से सजावटी वस्तुएं बनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं को उपयोगी और आकर्षक रूप दिया। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल अभियान को प्रोत्साहित करने के साथ बच्चों में पुनर्चक्रण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका, समाजसेविका दीपा बंका, विद्यालय के अकादमिक डायरेक्टर एके रॉय, प्राचार्या स्नेहा रॉय और रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने बच्चों की कलाकृतियों की सराहना की और प्रतिभागियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर बच्चों को अपनी बनाई कलाकृतियां जरूरतमंद परिवारों को उपहार स्वरूप देने की शपथ भी दिलाई गई, जिससे कि वे भी दीपावली की खुशियों में शामिल हो सकें। कार्यक्रम के आयोजन में अभिनय हो, श्रावणी मजूमदार, मीनाक्षी कुमारी और स्मिता सरकार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

