home page

के राजू 20 को आएंगे रांची, कई सांगठनिक बैठकों में होंगे शामिल

 | 
के राजू 20 को आएंगे रांची, कई सांगठनिक बैठकों में होंगे शामिल


रांची, 18 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू 20 से 23 जुलाई 2026 तक राज्यर के चार दिवसीय दौरे पर रांची आएंगे। इस दौरान वे कई सांगठनिक बैठकों में शामिल होंगे।

इस दौरान वे कांग्रेस पार्टी की स्पेशल इंटेंसिव रिविजन प्रक्रिया और सांगठनिक मजबूती को लेकर कई बैठकें करेंगे।

यह जानकारी झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को राजू सुबह रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

इसके बाद वे सीधे स्टेट गेस्ट हाउस जाएंगे, जहां वे अगले चार दिन रुकेंगे।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि 20 जुलाई की सुबह 11.30 बजे झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया और सोशल मीडिया विभाग के साथ बैठक करेंगे, जिसमें एसआईआर प्रक्रिया को जनता तक पहुंचाने पर चर्चा होगी। दोपहर 01 बजे विधायकों के साथ विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा बैठक होगी। दोपहर 03 बजे वे पार्टी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ धुर्वा स्थित निर्वाचन सदन जाएंगे। वहां झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से मिलकर एसआईआर से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपेंगे। के राजू शाम 06.30 बजे खूंटी और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों, उपाध्यक्षों और प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे।

प्रभारी मंत्रियों और कमेटियों के साथ करेंगे बैठक

के राजू 21 जुलाई को प्रभारी मंत्रियों और कमेटियों के साथ बैठक करेंगे। सुबह 10 बजे स्टेट गेस्ट हाउस में कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे और सुबह 11.30 बजे जेपीसीसी की कैंपेन कमेटी के साथ रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वे एसआईआर कमेटी के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक और जेपीसीसी सचिवों और रांची लोकसभा क्षेत्र के जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे।

22 जुलाई को के राजू बूथ का दौरा और सांगठनिक समीक्षा करेंगे। इसके बाद रांची महानगर के विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा करेंगे। यहां वे वोटर लिस्ट से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट नामों को हटाने और सुधारने के काम की समीक्षा करेंगे। दोपहर में वे खूंटी लोकसभा क्षेत्र के जेपीसीसी सचिवों और जिला उपाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। शाम में प्रदेश अध्यक्ष, विधायक दल के नेता, सचिवों और संगठन महासचिव के साथ एक बड़ी सांगठनिक समीक्षा बैठक होगी।

वहीं 23 जुलाई को के राजू रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak