home page

जेवीएम श्यामली की दो छात्राओं ने दिल्ली युवा संसद में किया झारखंड का प्रतिनिधित्व

 | 
जेवीएम श्यामली की दो छात्राओं ने दिल्ली युवा संसद में किया झारखंड का प्रतिनिधित्व


-रश्मिता रॉय और नित्या सिंह ने राष्ट्रीय मंच पर रखे विचार-देश के 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम), श्यामली की दो छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर विद्यालय और राज्य का गौरव बढ़ाया है। कक्षा 11वीं की छात्राएं रश्मिता रॉय और नित्या सिंह ने प्रतिष्ठित दिल्ली युवा संसद में हिस्सा लेकर विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

विद्यालय की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, द टाइम्स ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में देश के 28 राज्यों और सभी आठ केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। छात्राओं ने अपनी शिक्षिका नीतू सिंह के मार्गदर्शन में इस आयोजन में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया।

इस प्रतिष्ठित मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए जेवीएम श्यामली का चयन लोक प्रेरणा के संस्थापक निदेशक सतीश कुमार कर्ण ने किया था। युवा संसद के माध्यम से प्रतिभागियों को राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपने विचार रखने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिला।

विद्यालय के प्रधानाचार्य बीएन झा ने दोनों छात्राओं को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और उचित शैक्षणिक मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने भी छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar