home page

जेवीएम श्यामली में काव्य पाठ प्रतियोगिता के विजेता छात्र सम्मानित

 | 
जेवीएम श्यामली में काव्य पाठ प्रतियोगिता के विजेता छात्र सम्मानित


रांची, 02 जुलाई (हि.स.)। जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम) श्यामली के दयानंद प्रेक्षागृह में आयोजित दो दिवसीय संस्कृत काव्य पाठ प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्राचार्य बीएन झा ने कहा कि संस्कृत हमारी संस्कृति की आत्मा है। इसके अध्ययन और वाचन से विद्यार्थियों में शुद्ध उच्चारण, एकाग्रता, संस्कार और बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जूनियर वर्ग (कक्षा 9-10) में ध्रुव नंदन झा ने प्रथम, वेदांत और कुमारी नंदिनी ने द्वितीय एवं नितिन सौरभ और सृष्टि प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं सब-जूनियर वर्ग (कक्षा 6-8) में अनुष्का मिश्रा प्रथम, नंदिनी सिन्हा और अद्यानशा पलक द्वितीय एवं प्रतीक कुमार तथा रुद्र प्रताप पाठक संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा छह से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संस्कृत श्लोकों, स्तोत्रों और काव्यों का सस्वर पाठ प्रस्तुत किया।

महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र, शिव तांडव स्तोत्र, लिंगाष्टकम, मधुराष्टकम, गीत गोविंद, श्रीराम स्तुति, श्रीहरि स्तोत्र और गणेश स्तोत्र सहित विभिन्न रचनाओं की प्रस्तुति से पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण में सराबोर हुआ। प्रतियोगिता का मूल्यांकन वरिष्ठ संस्कृत शिक्षक अमरेंद्र पाठक और अखिलेंद्र झा ने किया। कार्यक्रम में बडी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक सहित अन्य लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar