जेपीएससी मुद्दे पर छात्रों ने मुख्यमंत्री, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का फूंका पुतला
रांची, 16 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ 23वें दिन तक आंदोलनरत छात्रों का आक्रोश रविवार को सड़क पर फिर देखने को मिला। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच सहित कई छात्र संगठन, छात्रों के अभिभावकों और सामाजिक संगठन दलों से जुड़े लोगों ने अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन के दौरान राम नाम सत्य है सहित कई अन्य नारे लगाए।
प्रदर्शन में शामिल पीयूष कुमार, विवेक, राहुल राज, बेबी देवी सहित बड़ी संख्या में जुटे छात्र- अभ्यर्थियों ने कहा कि वे पिछले 23वें दिनों से गांधीवादी तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। छात्रों का कहना था कि उन्हें विवश होकर भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस की राह पर चलने की बात करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अब सरकार को तय करना है कि वह छात्रों की मांगें मानती है या नहीं।
छात्रों ने जेपीएससी, सीजीएल, जेएसएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।
मौके पर छात्रों ने 20 अगस्त 2026 को आहूत मुख्यमंत्री आवास के ऐतिहासिक घेराव और प्रदर्शन को व्यापक तौर पर आयोजित करने पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि आंदोलन की शुरुआत 25 जुलाई 2026 को बापू वाटिका से हुई थी। मोरहाबादी में डूरंड कप के आयोजन के कारण इसे बाद में जयपाल सिंह स्टेडियम में स्थानांतरित किया गया। वहीं रविवार को छात्रों के आंदोलन का 23वां दिन था, जबकि छात्र और अभ्यर्थी 12 वें दिन भी भूख हड़ताल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

