home page

जेपीएससी-जेपीएसएससी प्रकरण काे लेकर छात्रों का आंदोलन 21वें दिन भी जारी

 | 
जेपीएससी-जेपीएसएससी प्रकरण काे लेकर छात्रों का आंदोलन 21वें दिन भी जारी


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और विभिन्न मांगों को लेकर राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल पर शुक्रवार को भी छात्रों का आंदोलन जारी रहा। आंदोलन के 21वें दिन एक तरफ जहां जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से छात्र अभ्यर्थियों के एक समूह ने शांति के साथ प्रदर्शन किया, वहीं छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो के समर्थन में दूसरे गुट के छात्र भी अलग से आंदोलन करते रहे।

इस दौरान छात्रों के धरना स्थल पर कई स्थानीय गायकों ने अपनी देशभक्ति गीत संगीत के माध्यम से लोगों का मन होगा। वहीं देवेंद्रनाथ महतो को सदर अस्पताल से आंदोलन स्थल पर वापस लाने की मांग लगातार तेज होती रही।

सदर अस्पताल में इलाजरत देवेंद्रनाथ महतो की भूख-हड़ताल शुक्रवार को 13वें दिन भी जारी रही।

आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि लंबे समय से भूख-हड़ताल और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद उनका संघर्ष और संकल्प आंदोलन स्थल से जुड़ा हुआ है। समर्थक छात्रों ने मांग की कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए चिकित्सकीय निगरानी के बीच उन्हें आंदोलन स्थल पर लाया जाए, ताकि वे आंदोलनकारियों के बीच रह सकें।

धरना स्थल पर दिनभर छात्रों की मौजूदगी बनी रही। एक ओर छात्र अभ्यर्थियों का समूह अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठा रहा, जबकि दूसरी ओर देवेंद्रनाथ महतो के समर्थक छात्रों ने उनके समर्थन में नारेबाजी और प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों की ओर से आंदोलन को आगे जारी रखने का दावा किया गया।

कुणाल प्रताप सिंह, बिनय कुमार सहित कई अन्य् आंदोलनकारी छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं देवेंद्रनाथ महतो के समर्थकों ने उनकी अनुपस्थिति को आंदोलन के लिए अहम मुद्दा बताते हुए उन्हें जल्द धरना स्थल पर वापस लाने की मांग उठाई। अस्पताल में उपचार जारी रहने के बावजूद उनके समर्थकों का कहना है कि आंदोलन स्थल से उनका भावनात्मक जुड़ाव बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar