home page

रामगढ़ में जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी पूरी, 13 केंद्रों पर 2940 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

 | 
रामगढ़ में जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी पूरी, 13 केंद्रों पर 2940 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा


रामगढ़, 15 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली प्रारंभिक परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त (डीसी) फैज अक़ अहमद मुमताज की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पर्यवेक्षक सह स्थिर दंडाधिकारी, गस्ती दंडाधिकारी सह उड़न दस्ता दल, जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षकों ने भाग लिया।

उपायुक्त ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन में दंडाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को सभी तकनीकी निर्देशों को गंभीरता से समझने और किसी भी प्रकार की शंका होने पर समय रहते समाधान करने को कहा, ताकि परीक्षा के दिन कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

बैठक के दौरान परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें अभ्यर्थियों की कड़ी जांच, प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित परिवहन, सीलिंग प्रक्रिया तथा परीक्षा से पहले, दौरान और बाद में किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में इस बार कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2940 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक।

वहीं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश