रांची के 96 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच दो पालियों में जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा
रांची, 19 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार को राज्यभर में किया गया। राजधानी रांची में 96 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई।
यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संपन्न हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। प्रशासन ने सभी केंद्रों के आसपास 100 से 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर क्षेत्र को प्रतिबंधित घोषित किया। इस दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और किसी भी प्रकार की नकल सामग्री ले जाना पूरी तरह वर्जित रहा। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई। साथ ही विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गईं, जिनमें पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था शामिल है।
रांची के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में सेंट पॉल कॉलेज, गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल (कमरे), महेंद्र प्रसाद इंटर महिला महाविद्यालय, कलकत्ता पब्लिक स्कूल (ओरमांझी), कैम्ब्रिज स्कूल (टाटीसिलवे), इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (कांके), सेंट्रल एकेडमी (बरियातू), सेंट कुलदीप हाई स्कूल (हरमू), सरस्वती शिशु विद्या मंदिर (धुर्वा), होली क्रॉस गर्ल्स हाई स्कूल (लालपुर), निर्मला कॉलेज (डोरंडा) और डोरंडा कॉलेज सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
इसके अलावा गोस्सनर कॉलेज, डीएवी पब्लिक स्कूल (हेहल), ब्रिजफोर्ड पब्लिक स्कूल (हटिया), क्लूनी कॉन्वेंट (कोकर), सरला बिरला पब्लिक स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल (कांके), रवींद्रनाथ टैगोर इंटर कॉलेज (हटिया), फिरायालाल पब्लिक स्कूल, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (मेसरा), विकास विद्यालय (नेओरी), डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (मोरहाबादी), सेंट जेवियर्स कॉलेज सहित कई केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

