home page

जेएसएससी और जेपीएससी पेपर लीक के विरोध में भाजपा ने निकाला मशाल जुलूस 

 | 
जेएसएससी और जेपीएससी पेपर लीक के विरोध में भाजपा ने निकाला मशाल जुलूस 


दुमका, 31 जुलाई (हि.स.)। राज्यव्यापी आंदोलन के तहत शुक्रवार को भाजपा दुमका ने जेएसएससी और जेपीएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक,अनियमितता और धांधली के विरोध में मशाल जुलूस निकाला। दुमका नगर अध्यक्ष संतोष साह और सदर मंडल अध्यक्ष मनीष कुमार के संयुक्त नेतृत्व में वीर कुंवर सिंह चौक से टीन बाजार चौक तक निकाले गए मशाल जुलूस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश मुर्मू ने कहा कि मुख्यमंत्री मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार कथित अनियमितताओं के आरोप क्यों सामने आ रहे हैं और इन मामलों में अब तक जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को जवाब देने के बजाय केवल बयानबाजी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त है। युवा अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई चाहते हैं। प्रदेश परिषद सदस्य निवास मंडल ने कहा कि राज्य सरकार के कार्यकाल में भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार उठ रहे कथित पेपर लीक,अनियमितता एवं धांधली के आरोपों ने लाखों युवाओं के सपनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और अब भर्ती प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता भी गंभीर संकट में दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि युवा वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन जब परीक्षाओं की निष्पक्षता पर ही सवाल उठने लगे तो यह सरकार की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा नेताओं ने मांग की कि भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितता और धांधली के मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। दोषियों एवं उन्हें संरक्षण देने वाले लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए और भविष्य की सभी भर्ती परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता,सुरक्षा एवं जवाबदेही के साथ आयोजित किया जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने युवाओं की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की, तो पार्टी राज्य के युवाओं के हित में आंदोलन को और व्यापक एवं तेज करेगी। इस अवसर पर जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा, बिमल मरांडी,गायत्री जायसवाल,अमिता रक्षित,शर्मीला सोरेन,धर्मेंद्र सिंह,पवन केसरी,अनुज आर्या, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू सहित अन्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार