home page

अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में पत्रकारों ने किया प्रदर्शन

 | 
अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में पत्रकारों ने किया प्रदर्शन


-पत्रकारों ने हिरासत में कथित प्रताड़ना पर जताई चिंता, सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील

रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और हिरासत के दौरान कथित प्रताड़ना के विरोध में रविवार को रांची में पत्रकारों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से पत्रकारों की सुरक्षा, मामले की निष्पक्ष जांच और पूरी कार्रवाई में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

झारखंड आंचलिक पत्रकार संघ की ओर से फिरायालाल चौक पर भी विरोध प्रदर्शन किया गया। इसमें रांची प्रेस क्लब के सदस्य भी शामिल हुए। प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए उन्हें अविलंब बेहतर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।

पत्रकारों ने हिरासत के दौरान पुलिस की कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने राज्य सरकार से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेने और आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। किसी भी कार्रवाई में कानून और मानवीय गरिमा का पालन किया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि यह मामला कथित तौर पर सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक दुष्कर्म प्रकरण से संबंधित है। सिमडेगा पुलिस ने 26 नवंबर को पत्रकार अभिषेक भारती को जमशेदपुर से गिरफ्तार किया था। अदालत में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस की ओर से अभिषेक भारती पर नाबालिग किशोरी को डराने-धमकाने और कथित तौर पर गलत बयान दिलवाने से जुड़े आरोपों के तहत कार्रवाई की गई है। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी और हिरासत में कथित प्रताड़ना को लेकर पत्रकार संगठनों ने सवाल उठाते हुए पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे