home page

स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण

 | 
स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण


रांची, 29 अगस्त (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव दिनेश यादव ने शनिवार को सदर अस्पताल रांची का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभागों का भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव ने टेली आईसीयू, टेली ईसीजी, टेली मानस, टेली मेडिसिन, रेडियोलॉजी सहित अस्पताल के अन्य महत्वपूर्ण विभागों का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागवार उपलब्ध सुविधाओं, मानव संसाधन, उपकरणों की स्थिति एवं सेवाओं के संचालन से संबंधित जानकारी ली।

उन्होंने सभी विभागों के नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 सितंबर तक अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों एवं व्यवस्थाओं को अद्यतन करते हुए सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आम मरीजों को समय पर और बेहतर तरीके से मिले, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं।

यादव ने सभी विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और किसी भी प्रकार की कमी या समस्या सामने आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन, रांची डॉ अमरेंद्र प्रसाद, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ बिमलेश सिंह, राज्य स्तर से जोसली जॉन, ललित लता और शातना कुमारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, अस्पताल प्रबंधक शाहनवाज सहित विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे