home page

खनिज संशोधन विधेयक का होगा पुरजोर विरोध : झामुमो

 | 
खनिज संशोधन विधेयक का होगा पुरजोर विरोध : झामुमो


देवघर, 26 अगस्त (हि.स.)। एमएमडीआर (खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के विरोध में बुधवार को झामुमो प्रखंड कमेटी, मोहनपुर की ओर से जन-जागरण पदयात्रा निकाली गई। प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल के नेतृत्व में निकली पदयात्रा के माध्यम से आमजनों को विधेयक के विरोध में आगामी आंदोलन से जुड़ने की अपील की गई।

पदयात्रा के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि आगामी 07 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एमएमडीआर संशोधन विधेयक को वापस कराने के आंदोलन को मजबूती प्रदान करें।

मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार झारखंड की खनिज संपदा पर अधिकार जताकर राज्य की जनता को उससे मिलने वाले लाभ से वंचित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर पहला अधिकार राज्य की जनता का होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक ओर झारखंड की झामुमो सरकार गरीब, महिलाओं और बुजुर्गों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, वहीं केंद्र सरकार संशोधन विधेयक के माध्यम से राज्य के हितों को प्रभावित करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक झारखंडवासियों के हित में नहीं है और इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष नवल किशोर हेंब्रम सहित झामुमो प्रखंड कमेटी के पदाधिकारी, युवा कमेटी, महिला मोर्चा और किसान मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy