home page

राज्य में महागठबंधन अटूट, 2029 तक करेंगे जनता की सेवा : सुप्रियो

 | 
राज्य में महागठबंधन अटूट, 2029 तक करेंगे जनता की सेवा : सुप्रियो


देवघर, 26 जून (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शुक्रवार को बाबा बैद्यनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य के विभिन्न राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड में महागठबंधन पूरी तरह अटूट है और वर्ष 2029 तक जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। राज्य में प्रस्तावित परिसीमन को लेकर उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया केंद्र सरकार के अधीन है, लेकिन राज्य सरकार इस पर पूरी निगरानी रखे हुए है।

उन्होंने कहा कि परिसीमन क्षेत्रीय आधार पर होना चाहिए, न कि जातीय आधार पर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल के अनुभवों से सबक लेते हुए झारखंड में पूरी सतर्कता बरती जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।

उन्होंने कहा कि पार्टी पूरे अभियान पर पैनी नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका मजबूती से सामना किया जाएगा। परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार एक रणनीति के तहत आदिवासी, मूलवासी, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों को विभाजित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन झामुमो ऐसा नहीं होने देगा। इस अवसर पर देवघर जिला झामुमो के वरिष्ठ नेता सुरेश शाह सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy