home page

भाजपा का झामुमो पर भ्रष्टाचार का आरोप निराधार : विनोद

 | 
भाजपा का झामुमो पर भ्रष्टाचार का आरोप निराधार : विनोद


रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि पंचायतों को मिलने वाली राशि कोई कृपा नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है, जो करदाताओं के पैसे से आती है।

उन्होंने भाजपा नेताओं की ओर से झारखंड सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया।

पांडेय ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि राज्य सरकार पंचायतों को मजबूत करने, ग्रामीण विकास को गति देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि भाजपा पहले अपने शासित राज्यों की स्थिति पर नजर डाले, जहां पंचायतों की हालत किसी से छिपी नहीं है। झारखंड में विकास कार्य लगातार जारी हैं और केंद्र की योजनाओं को भी राज्य सरकार बेहतर तरीके से लागू कर रही है।

उन्होंने तमाम बातों पर कट-कमीशन के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह भाजपा की पुरानी राजनीतिक भाषा है। यदि किसी के पास ठोस प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक किया जाए, अन्यथा बेबुनियाद आरोपों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों को मिली राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ जनहित में किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar