home page

बिहार में राशन कार्ड रद्द होने से गरीब परिवार हो रहे प्रभावित : झामुमो

 | 
बिहार में राशन कार्ड रद्द होने से गरीब परिवार हो रहे प्रभावित : झामुमो


रांची, 15 अप्रैल (हि.स.)।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बड़ी संख्या में राशन कार्ड रद्द किए जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि इससे बड़ी संख्या में गरीब परिवार प्रभावित हो रहे हैं।

पांडेय के अनुसार, राशन कार्ड रद्द होने से लोगों की बुनियादी जरूरतों पर सीधा असर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि किसी परिवार का नाम सूची से हटने पर उनके भोजन, पेंशन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं पर संकट उत्पन्न हो जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि वास्तविक लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पांडेय ने पूर्व में झारखंड में भी बड़ी संख्या में राशन कार्ड रद्द होने का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों से सबक लेते हुए संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने सरकार से अपील की कि समीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और जनहित के अनुरूप बनाया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों से वंचित न होना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar