home page

करोड़ों के चंदे वाली ‘सेल पार्टियों’ की हो जांच : विनोद पाण्डेय

 | 
करोड़ों के चंदे वाली ‘सेल पार्टियों’ की हो जांच : विनोद पाण्डेय


रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय ने राजनीतिक दलों की फंडिंग और चुनावी चंदे को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए निर्वाचन आयोग, आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पाण्डेय ने बुधवार को झामुमो प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में गुजरात से जुड़ी एक खबर का हवाला देते हुए दावा किया कि कुछ ऐसे राजनीतिक दल सामने आए हैं, जिनकी चुनावी और राजनीतिक गतिविधियां बेहद सीमित हैं, लेकिन उनके खातों में करोड़ों रुपये का चंदा पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि संबंधित राजनीतिक दलों की गतिविधियों, चंदा देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं और धन के स्रोत की जांच जरूरी है। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि कहीं राजनीतिक दलों के माध्यम से वित्तीय लेनदेन का दुरुपयोग तो नहीं किया जा रहा है।

झामुमो महासचिव ने कहा कि देश में कई पंजीकृत और अपंजीकृत राजनीतिक दल हैं। किसी दल का केवल कागजों पर अस्तित्व में रहना और उसके खाते में लगातार करोड़ों रुपये का चंदा आना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कंपनियों के संदर्भ में ‘सेल कंपनियों’ की चर्चा होती रही है, लेकिन अब कथित ‘सेल पार्टियों’ के रूप में सामने आ रहे मामलों की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

विनोद पाण्डेय ने गुजरात का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां कुछ राजनीतिक दलों के कार्यालय दर्ज हैं, लेकिन मौके पर कहीं दुकान का शटर बंद मिला तो कहीं फ्लैट में ताला लगा हुआ है। उनके अनुसार, स्थानीय स्तर पर भी इन दलों के बारे में लोगों को जानकारी नहीं है और वे चुनाव अथवा किसी बड़ी राजनीतिक गतिविधि में सक्रिय नजर नहीं आते।

झामुमो नेता ने बताया कि वर्ष 2023-24 में गुजरात की करीब 10 ऐसी पार्टियों को करोड़ों रुपये का चंदा मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने दावा किया कि इनमें कथित तौर पर सबसे कम राशि पाने वाली पार्टी के खाते में भी करीब 138 करोड़ रुपये जमा होने की बात सामने आई है।

पाण्डेय ने सवाल उठाया कि यदि ये दल चुनाव नहीं लड़ रहे और उनकी कोई उल्लेखनीय राजनीतिक गतिविधि दिखाई नहीं देती, तो उन्हें इतनी बड़ी रकम किस उद्देश्य से दी जा रही है और इसका इस्तेमाल कौन कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कर वास्तविकता सामने लाई जानी चाहिए।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar