विष्णुगढ़ घटना पर झामुमो ने प्रदर्शन कर की कड़ी कार्रवाई की मांग
रांची, 02 अप्रैल (हि.स.)। हजारीबाग के विष्णुगढ़ में नाबालिग बच्ची की निर्मम हत्या की घटना को लेकर गुरुवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर झामुमो के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व रांची जिला संयोजक प्रमुख मुश्ताक आलम ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की ओर से मामले के त्वरित खुलासे पर भरोसा जताया और जांच प्रक्रिया की सराहना की।
मौक पर मीडिया को संबोधित करते हुए मुश्ताक आलम ने कहा कि इस तरह की जघन्य घटनाएं समाज के लिए चिंताजनक हैं और इसमें शामिल अपराधियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले को सांप्रदायिक रंग देने से बचना चाहिए और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर मामले का खुलासा किया गया, जो सराहनीय है। झामुमो ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग दोहराई।
इस अवसर पर मुख्य रूप से केंद्रीय सदस्य समनुर मंसूरी, सोनू मुंडा, कलाम आजाद, रामशरण विश्वकर्मा, लालजी, रमन, प्रदीप शर्मा, जनक नायक, सुजीत कुजूर, नयनतारा उरांव, अरुण वर्मा, फरीद खान, आदिल इमाम, मृत्युंजय सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

