home page

झामुमो की केंद्रीय समिति की बैठक 20 अगस्त को, राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक पुनर्गठन पर होगा मंथन

 | 
झामुमो की केंद्रीय समिति की बैठक 20 अगस्त को, राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक पुनर्गठन पर होगा मंथन


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक 20 अगस्त को रांची स्थित सोहराई भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। इसमें पार्टी की केंद्रीय समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, सभी जिला अध्यक्ष, जिला सचिव, जिला संयोजक, प्रमुख, महानगर अध्यक्ष और महानगर सचिव शामिल होंगे।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने शुक्रवार को पत्र जारी कर सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं सदस्यों से निर्धारित समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है।

बैठक में केंद्र सरकार की ओर से पारित किए गए कथित झारखंड विरोधी विधेयक से उत्पन्न वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठनात्मक पुनर्गठन की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में पार्टी संगठन की वर्तमान स्थिति, सांगठनिक गतिविधियों और पुनर्गठन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा होगी। संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए आगे की रणनीति तय करने पर भी विचार किया जाएगा।

केंद्रीय महासचिव ने कहा कि बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों और सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक मामलों के साथ-साथ राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति पर भी बैठक में ठोस रूप से चर्चा की जाएगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar