झामुमो नेताओं ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तौलिया देकर किया सम्मानित
रांची, 22 मई (हि.स.)। रांची में लगातार बढ़ रही गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच आम जनता की सेवा में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान जताते हुए शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेताओं ने विशेष पहल की।
रतन टॉकीज चौक के समीप आयोजित कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिस जवानों को तौलिया, पानी और लस्सी वितरित कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में झामुमो नेता आबिद अली और कैप्टन शकील ने कहा कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी भीषण गर्मी, तेज धूप और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लगातार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनता की सेवा में जुटे रहते हैं।
सड़क पर घंटों खड़े होकर वे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे कर्मियों का मनोबल बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को छोटे-छोटे सहयोग और सम्मान के जरिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। इसी भावना के तहत उन्हें तौलिया, पेयजल और लस्सी उपलब्ध कराई गई, ताकि ड्यूटी के दौरान उन्हें कुछ राहत मिल सके।
मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने इस पहल के लिए झामुमो नेताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में झामुमो नेता आबिद अली, कैप्टन शकील, भोला, जमील सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

