home page

जेपीएससी मुद्दे पर भाजपा ने सरकार को बदनाम करने का रचा षड्यंत्र : विनोद

 | 
जेपीएससी मुद्दे पर भाजपा ने सरकार को बदनाम करने का रचा षड्यंत्र : विनोद


रांची, 11 अगस्त (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा पर राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा ने विवादों में रही टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राईवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के जरिए झारखंड की भर्ती परीक्षा व्यवस्था को कमजोर करने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार को बदनाम करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने हेमंत सरकार को बदनाम करने का राजनीतिक षड्यंत्र रचा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सीआईडी और पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की है। संदिग्ध ठिकानों की जांच और डिजिटल साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकार अनियमितताओं पर पर्दा डालने के पक्ष में नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। भर्ती परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं की कड़ियों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश में विवादों और जांच के घेरे में रही टीडीपीएल को झारखंड की महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की परिस्थितियां क्या थीं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच आगे बढ़ने पर इसके पीछे की वास्तविक भूमिका और जिम्मेदार लोग सामने आने चाहिए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की सेंधमारी, ओएमआर शीट में कथित हेरफेर या डेटा से छेड़छाड़ युवाओं के अधिकारों पर सीधा हमला है। सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar