home page

खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो का आंदोलन का ऐलान, पंचायत स्तर तक चलेगा जनजागरण अभियान

 | 
खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो का आंदोलन का ऐलान, पंचायत स्तर तक चलेगा जनजागरण अभियान


रांची, 17 अगस्त (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला की बैठक सोमवार को कडरू स्थित एक बैंक्वेट हॉल में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक मंडली प्रमुख मुस्ताक आलम ने की, जबकि संचालन केंद्रीय सदस्य सह महानगर संयोजक अंतु तिर्की ने किया। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।

केंद्रीय सदस्य सह महानगर संयोजक अंतु तिर्की ने कहा कि विधेयक को वापस लेने की मांग को लेकर पार्टी जिला, प्रखंड और राज्य स्तर पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के साथ आम लोगों को विधेयक के प्रावधानों और संभावित प्रभावों से अवगत कराने की जरूरत है। बैठक में प्रखंड स्तर से लेकर जिला और राज्य स्तर तक आंदोलन का बिगुल फूंकने पर सहमति बनी और कार्यकर्ताओं को तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया गया।

राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने आरोप लगाया कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक को जल्दबाजी में पारित कराया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लागू होने से झारखंड के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिसका सीधा असर राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा। सांसद ने दावा किया कि इससे राज्य के बकाये में करीब 1.60 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड के खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों और राजस्व का राज्य के हित में संरक्षण जरूरी है।

रांची जिला संयोजक मंडली प्रमुख मुस्ताक आलम ने कहा कि विधेयक कानून बनने से झारखंड के हक-अधिकार का हनन होगा। उन्होंने कहा कि राजस्व में संभावित कमी का असर राज्य की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी और इसे प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक ले जाया जाएगा।

बैठक में विधेयक के विरोध में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत पंचायत स्तर तक लोगों को जागरूक करने, प्रखंड मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन करने तथा जिला मुख्यालय में भी धरना एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने के प्रस्ताव रखे गए। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का निर्णय लिया गया।

पार्टी नेताओं ने कहा कि आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में रांची जिला एवं महानगर कमेटी के गठन का मुद्दा भी उठा। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व से दोनों कमेटियों का गठन जल्द कराने की मांग करने पर सहमति जताई, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जा सके।

बैठक में डॉ. महुआ माजी के अलावा केंद्रीय सदस्य, जिला संयोजक मंडली के सदस्य, विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष-सचिव और पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar