home page

एमएमडीआर बिल के विरोध में झामुमो ने बुढ़मू में दिया धरना

 | 
एमएमडीआर बिल के विरोध में झामुमो ने बुढ़मू में दिया धरना


रांची, 19 सितंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की बुढ़मू प्रखंड समिति की ओर से एमएमडीआर बिल के विरोध में शनिवार को प्रखंड परिसर में एकदिवसीय धरना दिया गया। धरने की अध्यक्षता प्रखंड समिति के अध्यक्ष मुरसीम लाल मांझी ने की, जबकि संचालन पूर्व सचिव लाला महली ने किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर झारखंड के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए एमएमडीआर बिल वापस लेने की मांग की।

धरना को संबोधित करते हुए झामुमो के वरिष्ठ नेता सह विधायक प्रतिनिधि शमीम बड़ेहार ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ कथित तौर पर सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को देता है तो उसे होने वाले लाभ में आधा हिस्सा मिलता है, लेकिन झारखंड की जमीन और कोयले से पूरा देश रोशन होगा और राज्य को उसकी उचित रॉयल्टी नहीं मिलेगी, यह उचित नहीं है।

शमीम बड़ेहार ने कहा कि केंद्र सरकार को एमएमडीआर बिल तत्काल वापस लेना चाहिए। यदि बिल वापस नहीं लिया गया तो झामुमो कार्यकर्ता राज्य में व्यापक आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता तमाम कोयला खदानों में उत्पादन बंद कराने, कोयला परिवहन करने वाले ट्रकों को रोकने और ट्रेनों को रोकने का आंदोलन करेंगे। झारखंड की जनता केंद्र सरकार का कथित सौतेला व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेगी।

वक्ताओं ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों पर राज्य के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए और राज्य को उसके संसाधनों का उचित लाभ मिलना चाहिए।

कार्यक्रम में झामुमो के पूर्व अध्यक्ष हीरालाल यादव, देवसागर, सुषमा देवी, अख्तर अंसारी, इरफान अंसारी, फारूक अंसारी, अनीता देवी, सतन मुंडा, कृष्ण मुंडा, अरशद आलम, कुदुश अंसारी, हफिज राजा, अंसारुल हक सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar