एसआईआर पर झामुमो चला रहा जागरूकता अभियान : विनोद
रांची, 28 मई (हि.स.)।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और आगामी जनगणना को लेकर मिशन मोड में संगठनात्मक अभियान शुरू कर दिया है।
बुथ स्तर पर जाकर झामुमो कार्यकर्ताओं को लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया जा रहा है। यह बातें झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा तकनीकी प्रक्रियाओं की आड़ में गरीबों, आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों को व्यवस्था से बाहर करने की कोशिश कर रही है। बिहार और पश्चिम बंगाल में लाखों लोगों के नाम सूची से हटाए जाने के उदाहरण सामने आए हैं। यह सिर्फ प्रशासनिक गलती नहीं, बल्कि गरीबों के अधिकारों पर सुनियोजित हमला है। आज वोटर लिस्ट से नाम काटा जा रहा है। लेकिन झामुमो अब इसी मुद्दे को लेकर गांव-गांव और बूथ-बूथ तक राजनीतिक और सांगठनिक अभियान चलाने की तैयारी में है, ताकि मतदाताओं को जागरूक करने के साथ-साथ पार्टी संगठन को भी जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने दो जून को पश्चिम सिंहभूम, तीन जून को पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां और चार जून को सिमडेगा में बैठकें आयोजित करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का काम तेज किया गया है। राज्यभर में आयोजित बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को एसआईआर की प्रक्रिया, मतदाता सूची सत्यापन और इसके राजनीतिक प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जिलों से लेकर बूथ स्तर तक बैठकें आयोजित कर संगठन को और मजबूत बनाने पर कार्य करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

