पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करेगा जेएलकेएम, आगामी चुनाव की तैयारियों पर मंथन
रामगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की जिला कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक चितरपुर स्थित राज लक्ष्मी होटल में आयोजित हुई। जिलाध्यक्ष देवानंद महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन के विस्तार, पंचायत कमेटियों के गठन और आगामी चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन अशोक चौधरी ने किया।
बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में पंचायत कमेटियों के विस्तार के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने पार्टी की विचारधारा, नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने एवं आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। इसके अलावा आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और पंचायत स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही गई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और जनसेवा के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने झारखंड के अधिकार, सम्मान और विकास से जुड़े सवालों पर संगठन की आवाज बुलंद करने पर जोर दिया।
बैठक में केंद्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय मीडिया प्रभारी रमेश कुमार महतो, जिला एवं प्रखंड पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, सक्रिय सदस्य और जेएलकेएम समर्थकों सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

