स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्योग-अकादमिक समन्वय से झारखंड बनेगा उद्यमिता का सशक्त केंद्र : आदित्य
रांची, 24 जुलाई (हि.स.)।
एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड की ओर से आयोजित स्टार्टअप कॉन्क्लेव-2026 के अवसर पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड के बीच स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि दुनिया की हर बड़ी कंपनी और हर क्रांतिकारी विचार की शुरुआत एक छोटे से विचार से होती है। ऐसे आयोजन युवाओं के सपनों को साकार करने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड की सराहना करते हुए कहा कि आज विश्वविद्यालय केवल शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नवाचार, अनुसंधान और स्टार्टअप संस्कृति के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। ऐसे मंच युवाओं को नए विचार विकसित करने, उद्योग जगत से जुड़ने एवं वास्तविक समस्याओं के समाधान खोजने का अवसर प्रदान करते हैं।
चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन रहा है। झारखंड प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत एवं प्रतिभाशाली युवाओं से समृद्ध राज्य है। यदि पारंपरिक उद्योगों को आधुनिक तकनीक आधारित उद्यमों से जोड़ा जाए तो राज्य स्टार्टअप के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सकता है। उन्होंने कृषि, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल तकनीक, लॉजिस्टिक्स एवं सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाओं का उल्लेख किया।
चेंबर नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध
झारखण्ड चैम्बर की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि चेंबर का उद्देश्य उद्योग, शिक्षण संस्थानों एवं सरकार के बीच मजबूत समन्वय स्थापित कर ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां नवाचार को प्रोत्साहन मिले और युवाओं के विचार सफल व्यवसाय का रूप ले सकें। झारखंड चेंबर स्टार्टअप्स को अनुभवी उद्योगपतियों का मार्गदर्शन, उद्योग जगत से संपर्क और व्यवसाय को सुगम बनाने के लिए नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
युवा उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि उद्यमिता का मार्ग चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन प्रत्येक चुनौती सफलता की नई सीख देती है।
उन्होंने युवाओं से समस्या के समाधान पर आधारित नवाचार विकसित करने, बदलते समय के अनुसार स्वयं को ढालने और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप कॉन्क्लेव जैसे आयोजन भविष्य के उद्योगपतियों और उद्यमियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संवाद स्थापित करने, नए विचारों का आदान-प्रदान करने और सहयोग के नए अवसर तलाशने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सचिव जितेन्द्र कुमार सिंह, झारखंड चेंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, स्किल डेवलपमेंट उप समिति के चेयरमैन प्रियंक भगत, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, निवेशक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

