home page

कोलकाता की घटना के बाद झारखंड में पूजा पंडालों की सुरक्षा का होगा दोबारा ऑडिट

 | 
कोलकाता की घटना के बाद झारखंड में पूजा पंडालों की सुरक्षा का होगा दोबारा ऑडिट


- सभी जिलों के एसपी-एसएसपी को सुरक्षा में मिली कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश

रांची, 18 अक्टूबर (हि.स.)। कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय अलर्ट हो गया है। दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का दोबारा ऑडिट कराने और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने को कहा है।

निर्देश के मुताबिक, सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। खास तौर पर भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील पंडालों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। पुलिस अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि पूजा समितियों ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया है या नहीं।

सुरक्षा ऑडिट के दौरान पंडालों में प्रवेश और निकास के रास्तों की जांच की जाएगी। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकासी की व्यवस्था, आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए पर्याप्त रास्ते और बैरिकेडिंग की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भीड़ का दबाव बढ़ने की आशंका वाले पंडालों में पार्किंग और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा होगी, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील पंडालों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जरूरत के अनुसार ड्रोन की मदद भी ली जाएगी। भीड़ की स्थिति का आकलन कर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही पर्याप्त रोशनी, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और आपातकालीन इंतजामों की भी जांच होगी।

पंडालों में आग से बचाव, बिजली की सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। किसी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल कार्रवाई कर सकें, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।

दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य के सभी जिलों में 14 से 23 अक्टूबर तक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का आदेश पहले ही जारी किया जा चुका है। इसमें झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप), इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी), स्पेशलाइज्ड इंडियन रिजर्व बटालियन (एसआईआरबी) और झारखंड जगुआर के जवान शामिल हैं।

संवेदनशील इलाकों में जरूरत के अनुसार रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की तैनाती भी की जाएगी। इसके अलावा झारखंड जगुआर के बम निरोधक और अश्रु गैस दस्तों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा जाएगा।

कोलकाता की घटना के बाद दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया है। पुलिस और जिला प्रशासन का जोर इस बात पर है कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित रहे और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जा सके।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे