home page

झारखंड आम महोत्सव का आयोजन, स्थानीय उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण को मिला मंच

 | 
झारखंड आम महोत्सव का आयोजन, स्थानीय उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण को मिला मंच


रांची, 01 जून (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ट्राइबल बिजनेस डेवलपमेंट उप समिति की ओर से सोमवार को चेंबर भवन में झारखंड आम महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व उप समिति की चेयरपर्सन माला कुजूर ने किया।

महोत्सव का उद्देश्य झारखंड की समृद्ध आम संस्कृति, स्थानीय किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमियों और आम आधारित उत्पाद निर्माताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना था, जहां वे अपने उत्पादों, नवाचारों एवं पारंपरिक कौशल का प्रदर्शन कर सकें।

कार्यक्रम में आम की विभिन्न किस्मों के साथ-साथ आम से निर्मित पारंपरिक एवं नवाचारपूर्ण उत्पादों जैसे अचार, चटनी, आम पापड़, जूस, स्क्वैश और अन्य खाद्य उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति, गुणवत्ता और रचनात्मकता से उपस्थित अतिथियों एवं निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। महोत्सव का मुख्य संदेश फ्रॉम मैंगो टू मार्केट, सेलेब्रटिंग इनोवेशन एंड ट्रेडिशन और आम जो बनाए आपको खास, स्वाद भी, सेहत भी, समृद्धि भी था।

आयोजन का उद्देश्य कृषि आधारित आजीविका को सशक्त बनाना

उप समिति की चेयरपर्सन माला कुजूर ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल आम के स्वाद का उत्सव मनाना नहीं था, बल्कि स्थानीय उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय व्यवसाय, कृषि आधारित आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना भी था।

प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बिनिता बोदरा, आरती कुमारी, सुमन देवी, रूपा कुमारी, कुमारी प्रिया, रिंकू मुरारका, सोनी पाठक, भास्कर कच्छप, पूनम सिंह, उषा रानी मिंज एवं संगीता सिंघल सहित अनेक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार भास्कर कच्छप को प्रथम, आरती कुमारी को द्वितीय, रिंकू मुरारका को तृतीय और सोनी पाठक को चतुर्थ पुरस्कार दिया गया। अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विजेताओं और प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि डॉ शिवेंद्र कुमार और विशिष्ट अतिथि डॉ अवनि कुमार सिंह, डॉ प्रेरणा ने प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार दिया। अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और झारखंड की समृद्ध खाद्य एवं कृषि विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की जज अलीशा गौतम उरावं थी।

उप समिति की चेयरपर्सन माला कुजूर ने कहा कि आम महोत्सव के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने, किसानों और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने एवं राज्य की पारंपरिक खाद्य विरासत को नई पहचान दिलाने का सार्थक प्रयास किया गया है।

भविष्य में इस प्रकार के आयोजन और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं जनजातीय उद्यमिता को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल, मुकेश अग्रवाल, अमित शर्मा, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री सहित कई प्रतिभागी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak