home page

झारखंड दांगी कुशवाहा महासभा के जिलाध्यक्ष बने विनय

 | 
झारखंड दांगी कुशवाहा महासभा के जिलाध्यक्ष बने विनय


चतरा, 23 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड दांगी कुशवाहा महासभा का चतरा जिला स्तरीय चुनाव शुक्रवार को गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित कौलेश्वरी मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।

चुनाव में कुल 1866 मतदाताओं में से 970 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। चुनाव को लेकर गिद्धौर स्थित मतदान केंद्र पर सुबह से शाम तक काफी गहमागहमी रही। मतदान करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से समाज के लोग पहुंचे। पूरे दिन मतदान केंद्र पर लोगों की भीड़ लगी रही और चुनाव को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा गया। मतदान को लेकर चार बूथ बनाये गये थे। निर्वाची और सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की उपस्थिति में मतदान कराया गया। मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक देवचरण दांगी और सहायक चुनाव पर्यवेक्षक प्रोफेसर श्याम सुंदर प्रसाद, मतदान केंद्र प्रभारी अशोक दांगी और मनीष कुमार मनीष ने बताया कि चुनाव की सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गईं। मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर विनय कुमार दांगी निर्वाचित घोषित किए गए। उन्हें 607 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी दिनेश दांगी को 342 मत प्राप्त हुए। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर देवनारायण दांगी ने जीत दर्ज की। उन्हें 514 मत मिले जबकि विष्णु देव दांगी को 432 मत प्राप्त हुए। मतदान के दौरान कुल 24 मतपत्र रद्द हुए।

महासभा के उपाध्यक्ष पद पर अशोक कुमार वर्मा और महासचिव पद पर वीरेंद्र कुमार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। मतगणना के बाद निर्वाचित सभी पदाधिकारियों का समाज के लोगों ने माला पहनाकर स्वागत किया।

इस दौरान लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज के विकास, एकजुटता और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने की उम्मीद जताई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नेतृत्व में जिला एवं प्रखंड स्तरीय कमेटियों के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी