झारखंड चेंबर चुनाव 13 सितंबर को, 4214 मतदाता करेंगे मतदान
रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 का चुनाव 13 सितंबर को रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में होगा। मतदान सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को चेंबर भवन में चुनाव समिति ने प्रेस वार्ता की।
चुनाव समिति के सह अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि चुनाव में फेडरेशन के 21 कार्यकारिणी सदस्यों और छह प्रमंडलों में क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के चयन के लिए कुल 4214 मतदाता मतदान करेंगे। फेडरेशन से 81 सम्बद्ध संस्थाएं जुड़ी हैं। प्रमंडलवार मतदाताओं में कोल्हान के 115, कोयलांचल के 149, उत्तरी छोटानागपुर के 97, पलामू के 100, संताल परगना के 68 और दक्षिणी छोटानागपुर के 59 मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केवल वही सदस्य चुनाव में भाग ले सकेंगे, जिनका वित्तीय वर्ष 2026-27 का सदस्यता शुल्क बकाया नहीं है।
मतदान स्थल पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था
पवन शर्मा ने सदस्यों से चुनाव से पहले सदस्यता शुल्क जमा करने की अपील की। सदस्यों की सुविधा के लिए मतदान स्थल पर शुल्क भुगतान के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कंप्यूटर से जारी मतदाता क्रमांक और काउंटर नंबर मतदान से पहले एसएमएस के माध्यम से भेजे जाएंगे, ताकि मतदान के दिन वोटिंग स्लिप खोजने में परेशानी न हो।
मतदाताओं को वोटिंग स्लिप के साथ फूड कूपन भी दिया जाएगा। मतदान क्षेत्र में 40 कंप्यूटर लगाए जाएंगे। मतदान सॉफ्टवेयर में ऐसी व्यवस्था की गई है कि मतदाता 21 से कम या 21 से अधिक उम्मीदवारों का चयन नहीं कर सकेंगे। कंप्यूटर स्क्रीन पर उम्मीदवारों के नाम के साथ उनकी तस्वीर भी प्रदर्शित होगी। मतदान के बाद सदस्यों के लिए दिगंबर जैन भवन में भोजन की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने मतदान के दिन यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सदस्यों से यथासंभव दोपहिया वाहन या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की।
12 सितंबर को 62वीं वार्षिक आमसभा
चुनाव समिति के अध्यक्ष अंचल किंगर ने कहा कि फेडरेशन राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स की प्रतिनिधि संस्था है। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से राज्य के करीब 10 लाख व्यापारी एवं व्यवसायी जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर व्यवसायी समाज में उत्साह है और चुनाव समिति निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि फेडरेशन की 62वीं वार्षिक आमसभा 12 सितंबर को चेंबर भवन में होगी। इसके अगले दिन 13 सितंबर को मारवाड़ी भवन में नए सत्र की कार्यकारिणी समिति और क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का चुनाव कराया जाएगा। चुनाव समिति के सदस्य ललित केडिया ने भी चुनावी प्रक्रिया और तैयारियों की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

