जेवर दुकान में डकैती करने वाले क्रिमिनल ने रामगढ़ पुलिस को दी चुनौती, हाई अलर्ट जारी
रामगढ़, 08 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में एक जेवर दुकान में डकैती करने वाले अपराधी ने रामगढ़ पुलिस को खुली चुनौती दी है। रामगढ़ जिले के कुछ जेवर दुकान का नाम लेकर विभाष पासवान नामक अपराधी ने अपना फरमान जारी किया है। उसने कहा कि रामगढ़ जिले के कुछ जेवर दुकानों को उसने अपनी सूची में शामिल किया है। जिसमें जल्द ही वह डकैती करने वाला है। रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर बाजार में एक जेवर दुकान से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के जेवर लूटने वाले गैंग का मुख्य सरगना विभाष पासवान अभी भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है।
एसपी ने जारी किया हाई अलर्ट
रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने चितरपुर में हुई लूट कांड को लेकर एसआईटी गठित की थी। पुलिस ने विभाष की बहन और उसके बहनोई के साथ गैंग में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस की इस कार्रवाई से बौखलाए विभाष पासवान ने रामगढ़ पुलिस को ही चुनौती दे डाली है। उसकी इस चुनौती के बाद रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत में जिले के सभी जेवर दुकानों के मालिकों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे शुक्रवार को शहर के उन इलाकों में पहुंचे जहां जेवर दुकान मौजूद है। उन्होंने लोहार टोला, चट्टी बाजार, मेन रोड, झंडा चौक और अन्य स्थानों का दौरा किया। जिन स्थानों पर जेवर दुकान मौजूद है वहां पुलिस ने बेहतर क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही है। जिन दुकानों में सुरक्षा गार्ड मौजूद हैं उन्हें अलर्ट रहने को कहा है। साथ ही दुकान में अलार्म लगाने का भी निर्देश दिया है। यहां तक कि उन्हें यह भी बताया कि अलार्म बजने के बाद पुलिस किस तरह कार्रवाई करेगी। साथ ही ग्राहकों को परख कर ही अपना जेवर दिखाने की बात कही। साथ ही दुकानों में भारी मात्रा में जेवर रखने के लिए भी अलर्ट किया है। विभाष की इस खुली चुनौती के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी तेज कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

