home page

ज्वेलरी व्यवसायी से एक करोड़ की लूट, एक सप्ताह बाद भी खुलासा नहीं

 | 
ज्वेलरी व्यवसायी से एक करोड़ की लूट, एक सप्ताह बाद भी खुलासा नहीं


गुमला, 04 मई (हि.स.)। घाघरा मुख्यालय स्थित पुटो रोड पर ज्वेलरी व्यवसायी से लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के आभूषणों की लूट की घटना के एक सप्ताह बीतने के बावजूद पुलिस की ओर से अबतक मामले का खुलासा नहीं करने पर व्यापारियों में आक्रोश है।

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही घटनाओं और पुलिस की धीमी कार्रवाई से नाराज भारतीय स्वर्णकार समाज और ज्वेलर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने सोमवार को घाघरा थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते समय पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।

व्यापारियों ने कहा कि दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की घटना कानून-व्यवस्था की गिरती स्थिति को दर्शाती है। 27 अप्रैल को हुई इस वारदात से स्पष्ट है कि अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त हो चुका है। वे बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से विशेष जांच टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करने, अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।

इधर, घाघरा थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar