home page

जदयू ने की जेटेट में भोजपुरी, मगही, अंगिका व उर्दू को शामिल करने की मांग

 | 

रांची, 01 अप्रैल (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) में भोजपुरी, मगही, अंगिका और उर्दू जैसी भाषाओं को शामिल करने की मांग की है।

बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सागर कुमार ने कहा कि झारखंड की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बिहार से जुड़ी रही है और राज्य की बड़ी आबादी इन भाषाओं का दैनिक जीवन में उपयोग करती है। उन्होंने कहा कि इन भाषाओं को जेटेट नियमावली में शामिल नहीं करना लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय के समान है।

उन्होंने बताया कि पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, कोडरमा, रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, देवघर, दुमका और गोड्डा जैसे जिलों में इन भाषाओं का व्यापक रूप से उपयोग होता है। ऐसे में यदि इन भाषाओं को परीक्षा में शामिल किया जाता है तो न केवल स्थानीय अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा, बल्कि शिक्षा प्रणाली भी अधिक समावेशी और प्रभावी बन सकेगी। उन्होंने राज्य सरकार से इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है, ताकि भाषा आधारित भेदभाव समाप्त हो और सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे