home page

जनता दरबार में दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल

 | 
जनता दरबार में दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल


रांची, 24 अगस्त (हि.स.)। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोमवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आमजनों को शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।

जनता दरबार में दिव्यांग कार्तिक खलखो ने आवागमन में परेशानी बताते हुए इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल की मांग की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार को हो रही कठिनाइयों को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की। साथ ही दिव्यांगता पेंशन के लिए आवेदन भी लिया गया।

ट्राईसाइकिल की चाबी मिलने पर कार्तिक के चेहरे पर खुशी और उम्मीद साफ नजर आई।

रातू के बानीपीड़ी निवासी एक दिव्यांग ने पीला राशन कार्ड रद्द किए जाने की आशंका जताई। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति कार्यालय के कर्मी से जानकारी लेकर राशन कार्ड डिलीट नहीं करने का निर्देश दिया और पात्र लाभुक को खाद्यान्न एवं योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने को कहा।

अनगड़ा की निर्मला इंदवार ने बहन की इलाज के दौरान मौत में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया और आवेदिका को एसएसपी के समक्ष शिकायत देने को कहा।

सेवानिवृत्त आपूर्ति निरीक्षक बसंत कुमार साहू के लंबित पेंशन पुनरीक्षण मामले में भी यथाशीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके अलावा जमीन, दाखिल-खारिज, दोहरी जमाबंदी, पंजी-2 में सुधार, अवैध कब्जे और बीएसएनएल टावर से जुड़े मामले भी आए। उपायुक्त ने कहा कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar