जैक ने जारी किया आठवीं कक्षा का रिजल्ट, 96.8 प्रतिशत उत्तीर्णता दर के साथ रांची टॉप पर
रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने गुरुवार को कक्षा आठवीं की परीक्षा 2026 का रिजल्ट आधिकारिक रूप से जारी कर दिया। जैक के अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा ने परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में परिणाम प्रकाशित किया। इस अवसर पर परिषद के सचिव, संयुक्त सचिव, वरिष्ठ सूचना पदाधिकारी और परीक्षा शाखा के अधिकारी मौजूद थे।
कक्षा आठवीं की परीक्षा 02 मार्च 2026 को राज्यभर में सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी। अब छात्र और संबंधित विद्यालय झारखंड एकेडमिक काउंसिल के निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपना परिणाम देख कर डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा में रांची जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 96.8 प्रतिशत उत्तीर्णता दर हासिल की है और पूरे झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पिछले वर्ष रांची जिला दूसरे स्थान पर रहा था।
जिला प्रशासन की ओर से संचालित प्रोजेक्ट टीम के प्रयासों को इस सफलता का मुख्य श्रेय दिया जा रहा है। प्रोजेक्ट टीम के अंतर्गत जिले के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में विशेष रणनीति अपनाई गई, जिसके फलस्वरूप छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन अभूतपूर्व रहा।
इधर, जैक अध्यक्ष ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने सीमांत या अनुपस्थित श्रेणी में आने वाले छात्रों को आगामी अवसरों का लाभ उठाते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत करने की सलाह दी।
जैक अध्यक्ष ने परीक्षा के सफल संचालन और समय पर परिणाम जारी करने में सहयोग देने वाले जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ), परीक्षा संचालन कर्मियों, परिषद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य की सराहना की।
रांची जिला प्रशासन की प्रोजेक्ट टीम की प्रमुख पहल
- निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित करना: टीम ने सभी छात्रों की नियमित उपस्थिति पर विशेष नजर रखी।
- जनवरी माह में प्री-बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन: सभी छात्रों को प्री-बोर्ड परीक्षा में शामिल कराया गया।
- कमजोर छात्रों की पहचान और विशेष कक्षाएं: परीक्षा परिणाम के विश्लेषण के आधार पर कमजोर छात्रों की पहचान की गई और उनके लिए लक्षित विशेष कक्षाओं की व्यवस्था की गई।
- तीन पूर्व अभ्यास परीक्षाएं और एक मॉक टेस्ट: बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों को पर्याप्त अभ्यास कराने के लिए तीन पूर्व अभ्यास परीक्षाएं और एक पूर्ण मॉक टेस्ट आयोजित किया गया।
इन व्यवस्थित प्रयासों से छात्रों में न केवल ज्ञान का स्तर सुधरा, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा। परिणामस्वरूप वे बोर्ड परीक्षा में पूर्ण तैयारी के साथ शामिल हुए और जिले का समग्र परिणाम अत्यंत उत्साहजनक रहा।
वहीं रांची जिले के बच्चों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय और सभी संबंधित प्रखंड शिक्षा अधिकारियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

