अपनी पार्टी की स्थिति संभालने पर ध्यान दें बाबूलाल : इरफान
जामताड़ा, 24 अक्टूबर (हि.स.)।
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के खेती करने संबंधित सोशल मीडिया में फोटो साझा करने की बात पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को खनिजों के दोहन पर राजनीति करने के बजाय किसानों, उनकी जमीन और आर्थिक खुशहाली पर ध्यान देना चाहिए। मंत्री शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी पर टिप्पणी करते हुए उन्हें अपनी पार्टी की स्थिति संभालने या राजनीतिक विकल्पों पर पुनर्विचार करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जमीन और संसाधनों के हितों से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड से प्रेम का दावा करने वालों को किसानों की मेहनत और राज्य की मिट्टी का सम्मान करना चाहिए। किसानों का सम्मान और उनकी समृद्धि ही राज्य के विकास का आधार है। सिर्फ खेती करने की फोटो सोशल मीडिया पर साझा करने से नहीं, बल्कि खेतों में मेहनत करने से होती है। जैसा वे स्वयं खेती करते हैं और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं।
मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने प्रयास किए थे। इस वर्ष भी सरकार का लक्ष्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और भुगतान व्यवस्था बेहतर करना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में किसानों को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य के किसान काफी उत्साहित और खुशहाल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

