home page

परिसीमन बिल पर गंभीरता से विचार जरूरी, सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व की हो रक्षा : इरफान अंसारी

 | 
परिसीमन बिल पर गंभीरता से विचार जरूरी, सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व की हो रक्षा : इरफान अंसारी


रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने परिसीमन बिल को लेकर चिंता जताते हुए कहा है कि इसके दूरगामी प्रभावों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि यदि परिसीमन की प्रक्रिया में सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व के सिद्धांतों का ध्यान नहीं रखा गया, तो दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और समाज के कमजोर वर्गों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।

मंत्री ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि परिसीमन केवल लोकसभा और विधानसभा की सीटों के पुनर्निर्धारण तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संवैधानिक मूल्यों और विभिन्न समुदायों की राजनीतिक भागीदारी से है। इसलिए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से पहले इसके संभावित परिणामों और सभी वर्गों पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन जरूरी है।

अंसारी ने इस मुद्दे की गंभीरता को रेखांकित करते हुए हिरोशिमा पर हुए परमाणु हमले का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि किसी बड़े फैसले के परिणाम तत्काल ही नहीं, बल्कि लंबे समय तक सामने आते हैं और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में परिसीमन जैसे संवेदनशील विषय पर जल्दबाजी के बजाय व्यापक विमर्श और सभी पक्षों की सहमति को महत्व दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित विपक्ष के प्रमुख नेताओं से संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए एकजुट होने तथा परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील की।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि परिसीमन की किसी भी प्रक्रिया में सभी समुदायों के संवैधानिक अधिकारों और उनकी राजनीतिक हिस्सेदारी की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व के सिद्धांतों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। अंसारी ने कहा कि वह इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar