ट्रेजरी मामले की जांच के लिए जांच टीम पहुंची बोकारो
बोकारो, 08 मई (हि.स.)।
बोकारो ट्रेजरी से वेतन मद में अवैध निकासी मामले की जांच के लिए राज्य सरकार की ओर से गठित जांच टीम शुक्रवार को बोकारो परिसदन पहुंची। टीम का नेतृत्व प्रधान सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग अमिताभ कौशल कर रहे हैं।
राज्य सरकार के निर्देश पर प्रधान सचिव की अध्यक्षता में पहुंची जांच टीम ने जिला प्रशासन से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे, जिन्हें जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराया गया। जांच टीम सुबह से ही संबंधित दस्तावेजों का गहन अध्ययन कर रही है। जिन बिंदुओं पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता महसूस हुई है, उनसे संबंधित पूरक जानकारी भी मांगी गई है, जिसे जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।
जांच टीम झारखंड ट्रेजरी कोड, पुलिस मैनुअल, झारखंड फाइनेंस रूल एवं वित्त विभाग की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों को आधार बनाकर जांच कर रही है। हजारों पन्नों की प्रमाणित प्रतियां जांच टीम अपने साथ रांची ले गई है, जहां उनका विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर टीम दोबारा बोकारो का दौरा करेगी।
प्रधान सचिव अमिताभ कौशल ने जांच टीम के साथ कैंप टू स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विभाग के लेखा शाखा, हेड क्लर्क कक्ष, अकाउंटेंट कक्ष एवं सामान्य शाखा का जायजा लिया गया। इसके अलावा टीम ने बोकारो ट्रेजरी का भी निरीक्षण किया तथा विपत्र प्राप्ति सहित विभिन्न कमरों का अवलोकन किया।
जांच टीम स्वीकृत एवं कार्यरत बल का विवरण, बजट एवं आवंटन संचिका, जिला बल पंजी, मास्टर रोल पंजी, वेतन ज्ञापन, विपत्र पंजी, स्थापना मद से संबंधित अभिलेख, निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी तथा लिपिकों का विवरण, अस्थायी पहचान संख्या से जुड़े दस्तावेज, भुगतान एवं बैंक खाता विवरण, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं सामान्य भविष्य निधि से संबंधित अभिलेख, नव नियुक्त एवं विरमित कर्मियों का विवरण, कर्मचारी मास्टर डाटा से संबंधित बैंक खातों की सूची, उच्च वेतन खातों का लेन-देन विवरण तथा विपत्रवार विवरण अपने साथ ले गई।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान राज्य स्तरीय जांच टीम से उप महालेखाकार भार्गव राम ख्याति, उप सचिव वित्त विभाग ज्योति कुमारी झा, अवर सचिव वित्त विभाग कपिल देव पंडित, वरीय निदेशक आईटी ओमरेश प्रसाद सिन्हा, सहायक निदेशक एनआईसी रांची गौरव कुमार, प्रशाखा पदाधिकारी खिरोद सिंह मुंडा मौजूद रहे। वहीं जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार के अलावा कई अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

