home page

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बनेगा जन-आंदोलन : शशि प्रकाश

 | 

रांची, 13 जून (हि.स.)।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक सह आयुष निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर राज्यभर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को नामकुम स्थित आरसीएच कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों, पार्कों, वृद्धाश्रमों, छात्रावासों, पुलिस स्टेशनों, सदर अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और चिकित्सा महाविद्यालयों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।

कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सुरक्षा बलों, झारखंड पुलिस, एनसीसी कैडेटों, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्यकर्मियों, खेल प्रतिभाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग निर्धारित की गई है।

बैठक में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। साथ ही कार्यालयों में कर्मचारियों के लिए वाई-ब्रेक प्रोटोकॉल को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया।

बैठक में कई लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar