home page

आईआईटीएफ-2026: नीव हर्बल्स’ के प्राकृतिक उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

 | 
आईआईटीएफ-2026: नीव हर्बल्स’ के प्राकृतिक उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र


आईआईटीएफ-2026: नीव हर्बल्स’ के प्राकृतिक उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र


रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026 में झारखंड पवेलियन राज्य सरकार के ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का प्रभावी मंच बनकर उभरा है। इसी दौरान न्यायमूर्ति अनिल कुमार चौधरी ने पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों की सराहना की।

इस अवसर पर जमशेदपुर के हुरलुंग की महिलाओं द्वारा तैयार ‘नीव हर्बल्स हैंडमेड सोप्स’ ने खास ध्यान आकर्षित किया, जो उनके हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प को एक व्यावसायिक पहचान दे रहा है।

नीव हर्बल्स की उत्पाद श्रृंखला में हस्तनिर्मित साबुन, परफ्यूम, मॉइस्चराइजर, लिपस्टिक, रोल-ऑन ऑयल तथा रूम एवं कार डिफ्यूजर शामिल हैं। इन उत्पादों की खासियत इनमें इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक और पारंपरिक सामग्रियां हैं। साबुन के निर्माण में महुआ, नारियल और पाम ऑयल का उपयोग किया जाता है, जबकि चंदन और जैस्मिन जैसे सुगंधित तेल इन्हें विशेष पहचान देते हैं।

ब्रांड का जोजोबा ऑयल रोल-ऑन और कुमकुमादि आधारित मॉइस्चराइजर त्वचा की देखभाल से जुड़े उत्पादों में शामिल हैं। वहीं, लिपस्टिक को गाय के घी और मधुमक्खी के मोम (बीजवैक्स) से तैयार किया जाता है, जिसमें प्राकृतिक रंग के लिए अन्नाटो बीजों का इस्तेमाल होता है। इसके अतिरिक्त, आवश्यक तेलों से तैयार रूम एवं कार डिफ्यूजर भी उत्पाद श्रृंखला का हिस्सा हैं।

नीव हर्बल्स की को-फाउंडर ने शिखा जैन ने बताया कि आईआईटीएफ -2026 में ‘सिल्वर हाइट्स रोल-ऑन’ आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और इसकी अच्छी मांग देखने को मिल रही है। नीव हर्बल्स के सभी उत्पाद 100 से 600 की किफायती कीमतों में उपलब्ध हैं, ताकि हर कोई बिना जेब पर अतिरिक्त बोझ डाले प्राकृतिक उत्पादों का लाभ उठा सके।

आईआईटीएफ -2026 जैसे राष्ट्रीय मंच पर यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर झारखंड की दिशा में बढ़ते प्रयासों को भी प्रदर्शित करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे