home page

टाउन हॉल में मनेगा 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस, दिव्यांगों को मिलेंगे सहायक उपकरण

 | 
टाउन हॉल में मनेगा 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस, दिव्यांगों को मिलेंगे सहायक उपकरण


-यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए लगेगा विशेष शिविर

रामगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर आगामी 3 दिसंबर को रामगढ़ टाउन हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनके अधिकारों, सुविधाओं और आत्मनिर्भरता को लेकर जागरूक किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकारों और समाज में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराने का अवसर है। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों तक सरकारी सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

कार्यक्रम स्थल पर दिव्यांगजनों के यूडीआईडी (विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र) कार्ड निर्गत करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों, अधिकारों और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी बताया जाएगा।

वहीं, पूर्व में आयोजित दिव्यांगता आकलन शिविरों में चिह्नित पात्र लाभुकों के बीच कार्यक्रम के दौरान आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। इससे दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन होगा। इसके जरिए दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, उनके अधिकारों एवं सम्मान के प्रति आम लोगों को जागरूक करने तथा समाज में समावेशिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश