नशे के खिलाफ स्कूलों के 100 मीटर दायरे में होगी सघन जांच
रामगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की तैयारी की है। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति (एनकॉर्ड) की बैठक हुई। इसमें एसपी मुकेश कुमार लुनायत समेत विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिले में संचालित नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा की गई। डीसी ने सभी विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाने और दोषी दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
डीसी ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध जांच अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने सिविल सर्जन को सदर अस्पताल परिसर में जल्द से जल्द नशा मुक्ति केंद्र का उद्घाटन सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, नवंबर माह में एक सप्ताह तक व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया।
बैठक में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए दवा दुकानों में योजनाबद्ध तरीके से सघन जांच करने पर जोर दिया गया। डीसी ने ऐसी दवाओं की बिक्री और स्टॉक पर विशेष निगरानी रखने एवं नियमित रूप से संबंधित रिपोर्ट जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिले के सार्वजनिक स्थलों पर रात के समय नशा करने वाले असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित निगरानी, सीसीटीवी कैमरों और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। डीसी ने सभी विभागों को रोस्टर तैयार कर जागरूकता अभियान चलाने और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने
का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

