नकली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए करें नियमित निरीक्षण : डीसी
रामगढ़, 29 मई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में विभिन्न महत्वपूर्ण अधिनियमों के तहत प्रशासनिक और कानूनी कार्यों की प्रगति का जायजा लेना और उन्हें अधिक प्रभावी बनाना था। बैठक के दौरान उन्होंने जिले में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत बिंदुवार समीक्षा की।
सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन, अवैध वाहनों के संचालन पर रोक और राजस्व संग्रहण की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिले में नकली और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने और मेडिकल स्टोर्स के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए। बाल श्रम उन्मूलन, बाल अधिकारों के संरक्षण और श्रम कानूनों के कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और आम जनता को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिया गया।
बैठक में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और छापेमारी तेज करने को कहा गया।
डीसी ने पीसीपीएनडीटी एक्ट (गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम) के तहत कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिए जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही अधिनियम का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत जिले में संचालित सभी निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और नर्सिंग होम के अनिवार्य निबंधन और तय मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं देने की स्थिति की समीक्षा की गई।
डीसी ऋतुराज ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कानून की कड़ाई से पालन कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम जनता के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर नियमित रूप से निरीक्षण करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

