रजरप्पा मंदिर में इनर व्हील क्लब ने लगवाई कुर्सियां
रामगढ़, 21 अप्रैल (हि.स.)। इनर व्हील क्लब ऑफ़ रामगढ़ ने रजरप्पा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सात तीन-सीटर कुर्सियों (कुल 21 सीट) लगवाई।
रजरप्पा मंदिर झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना यहां आम बात है। ऐसे में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को खड़े रहने में काफी परेशानी होती थी। बैठने की समुचित व्यवस्था के अभाव में यह समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। क्लब ने इस जरूरत को समझते हुए समाधान दिया। अब श्रद्धालु कतार के दौरान बीच-बीच में बैठकर विश्राम कर सकेंगे, जिससे उनका दर्शन अनुभव अधिक सहज और आरामदायक होगा।
इस सेवा परियोजना का उद्घाटन डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन रशमी ने किया। उन्होंने इस पहल को जनहितकारी बताते हुए कहा कि इस तरह के छोटे-छोटे प्रयास ही समाज में बड़ा बदलाव लाते हैं। कार्यक्रम में मंदिर के पंडा समाज के सदस्य भी उपस्थित रहे और क्लब के इस प्रयास की खुलकर सराहना की।
मौके पर क्लब की अध्यक्ष नमिता श्रॉफ, सचिव जनेशा वडेरा, मेघा बगरिया, नीरु साहनी, शर्मिष्ठा दत्ता, अनुराधा श्रॉफ, रंजू अग्रवाल, पिंकी गांधी, जसमीत सोनी, परमजीत भुसरी, सुरेंद्र चमन और मधु अग्रवाल सहित सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

