home page

भीषण गर्मी से बचाव के लिए औद्योगिक प्रतिष्ठान अपनाएं सावधानी : श्रम अधीक्षक

 | 
भीषण गर्मी से बचाव के लिए औद्योगिक प्रतिष्ठान अपनाएं सावधानी : श्रम अधीक्षक


रांची, 23 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार की ओर से जारी हिट वेव एडवाइजरी के अनुपालन के लिए श्रम विभाग, झारखंड सरकार के अधिकारियों और झारखंड चेंबर के पदाधिकारियों की बैठक शनिवार काे चेंबर भवन में हुई।

बैठक में उपस्थित श्रम अधीक्षक, रांची एतवारी महतो ने भारत सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सलाहों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी और लू के प्रभाव से बचाव के लिए सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों, दुकानों, कपड़ा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, होटल और अन्य संस्थानों को जरूरी सावधानियां अपनानी चाहिए।

बैठक में सभी प्रतिष्ठानों में ठंडे पेयजल, ओआरएस, ग्लूकोज, नींबू पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया, ताकि श्रमिकों, कर्मचारियों और आमजनों को गर्मी से राहत मिल सके। साथ ही विभिन्न व्यावसायिक संगठनों और चेंबर ऑफ कॉमर्स से अपनी ओर से भी जन-जागरूकता के लिए अपील जारी करने का आग्रह किया गया।

सार्वजनिक स्थलों पर राहत पेय पदार्थों के स्टॉल लगाएं एनजीओ

बैठक में भारत सरकार की ओर से जारी सलाह पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही एनजीओ और सामुदायिक समूहों को सार्वजनिक स्थलों पर पानी, छाछ और अन्य राहत पेय पदार्थों के स्टॉल लगाने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

इसके अलावा लू से प्रभावित व्यक्तियों के प्राथमिक इलाज और त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उपायों पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आमजनों से अपील की कि वे अत्यधिक धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करें।

झारखंड चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि भीषण गर्मी और हिट वेव की स्थिति को देखते हुए सभी औद्योगिक एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सामाजिक जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने कर्मचारियों, श्रमिकों एवं ग्राहकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने राज्य के सभी उद्योगों, व्यवसायियों और व्यापारिक संगठनों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में हिट वेव से बचाव को लेकर जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

चेंबर के श्रम उप समिति के चेयरमैन प्रमोद सारस्वत ने कहा कि चेंबर समाज के विभिन्न संगठनों, एनजीओ के साथ मिलकर आमजनों को राहत पहुंचाने और जागरूकता अभियान चलाने में सहयोग करेगा, ताकि भीषण गर्मी के दौरान जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सके।

बैठक में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, अमित शर्मा, श्रम एवं ईएसआईसी उप समिति चेयरमैन प्रमोद सारस्वत, सदस्य राजीव चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak