इंडो-नेपाल कराटे चैंपियनशिप में देवघर के खिलाड़ियों जीते कई पदक
देवघर, 15 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में 13-14 जून को आयोजित इंडो नेपाल कराटे चैंपियन में देवघर के कराटे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। प्रशिक्षक चंदन भार्गव के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल 32 सदस्यीय दल ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में आयुष कुमार, विराट कुमार मंडल और समीक्षा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर देवघर का गौरव बढ़ाया। वहीं आशि कुमारी ने रजत पदक हासिल किया।
इसके अलावा काव्या केसरी, शान्वी केसरी, भुवी शर्मा, शौर्य कुमार, ऋतुराज कुमार, आरव कुमार, सौरभ मंडल, आदित्य, लियाना राय, यशश्री कुमारी, तन्मय दूबे, अनिकेत सानू और आयुष ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। विशेष उपलब्धि के रूप में आयुष को प्रतियोगिता में 'हेवी वेट चैंपियन' के खिताब से भी सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की इस सफलता पर उनके परिजनों और प्रशिक्षक चंदन भार्गव ने खुशी जताते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे, जिनके सहयोग और समर्थन को खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण माना गया। देवघर लौटने पर विजेता खिलाड़ियों का खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

