एसआईआर की समय-सीमा 30 नवंबर तक बढ़ाए आयोग : कांग्रेस
रामगढ़, 27 सितंबर (हि.स.)। होटल ला मैरिटल में रविवार को प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ज्योतिरादित्य सिंह और रामगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक ममता देवी की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस आयोजित हुई। इसमें झारखंड में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया है। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से एसआईआर की समय-सीमा 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों और प्रक्रिया में लगातार बदलाव से बीएलओ, बीएलए और आम मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति बनी। पूरी प्रक्रिया को सरल, स्पष्ट और पारदर्शी तरीके से लागू किया जाना चाहिए।
मौके पर पार्टी नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे मतदाताओं को भी नोटिस जारी किए गए हैं, जिनकी पूर्व मतदाता सूची से सही तरीके से मैपिंग हो चुकी थी। मानवीय और मैनुअल त्रुटियों के कारण कई मतदाताओं को अनावश्यक रूप से सुनवाई में उपस्थित होकर दस्तावेज जमा करने पड़ रहे हैं। इससे आम मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि करीब 20 लाख नोटिस अब भी अनसर्व्ड बताए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में सभी नोटिसों का वितरण, मतदाताओं की उपस्थिति, दस्तावेजों का सत्यापन और सुनवाई की प्रक्रिया जल्दबाजी में पूरी करना उचित नहीं होगा। प्रत्येक मतदाता को अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार अनुमानित करीब 20 लाख नए पात्र मतदाताओं के मुकाबले अब तक लगभग छह लाख फार्म-6 प्राप्त होने की जानकारी है। उन्होंने नए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य केवल पुराने मतदाताओं का सत्यापन या नाम हटाना नहीं होना चाहिए, बल्कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना भी होना चाहिए।
काग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पार्टी नेताओं ने कहा कि मांगों को लेकर 28 सितंबर को कोठार आंबेडकर चौक से रामगढ़ उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। मार्च के माध्यम से मतदाताओं से जुड़ी समस्याओं और कांग्रेस की मांगों को जिला प्रशासन एवं निर्वाचन तंत्र के समक्ष रखा जाएगा।
पार्टी की मुख्य मांगों में एसआईआर की समय-सीमा 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाने, सभी अनसर्व्ड नोटिस संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाने, प्रत्येक नोटिस प्राप्तकर्ता को उचित सुनवाई का अवसर देने, एएसडीडी सूची में शामिल वास्तविक मतदाताओं को पर्याप्त समय देना सहित अन्य है।
मौके पर प्रदेश कांग्रेस नेता सीपी संतन, बलजीत सिंह बेदी, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज प्रसाद, दिनेश मुंडा, मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता मुकेश यादव, सुधीर मंगलेश सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

