बोकारो के प्रभात कॉलोनी में आयकर विभाग की छापेमारी
बोकारो, 24 फ़रवरी (हि.स.)। चास शहर के प्रभात कॉलोनी इलाके में मंगलवार को आयकर विभाग की पटना इकाई ने व्यवसायी सोनू मिश्रा के आवास और प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। मंगलवार काे करीब 10 अधिकारियों की टीम चार इनोवा गाड़ियों से पहुंची और क्षेत्र को घेरते हुए जांच शुरू कर दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी ‘बाला पेंटिंग’ से जुड़े वित्तीय लेन-देन और आयकर संबंधी मामलों को लेकर की जा रही है। टीम व्यवसाय से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर, बैंक लेन-देन से संबंधित कागजात तथा डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जब्त किए जाने की भी जानकारी मिली है।
बताया जा रहा है कि आयकर अधिकारियों ने व्यवसायी सोनू मिश्रा से पूछताछ भी की है। टीम आय-व्यय के ब्योरे और कर भुगतान से संबंधित तथ्यों का मिलान कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

